बागपत के बड़ौत में 53,803 युवाओं की उम्मीदों की सेना भर्ती शनिवार सुबह से आरंभ होगी। पहले दिन रामपुर के 4207 अभ्यर्थी भर्ती रैली में शामिल होंगे। सेना के जवानों और पुलिस के सिपाहियों ने नगर में डेरा डाल लिया है। सेना के ब्रिगेडियर रजनीश मल्होत्रा, जिलाधिकारी हृदय शंकर तिवारी, एसपी पूनम ने भर्ती स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनता वैदिक इंटर कॉलेज के मैदान पर 20 से 30 अगस्त तक भर्ती कार्यालय मेरठ के तत्वावधान में विभिन्न पदों पर भर्ती होगी। डीएम ने बताया कि शनिवार सुबह ढाई बजे से ही कॉलेज के बाहर कतार से इन्हें एंट्री दी जाएगी। दौड़ का आयोजन सुबह सवा पांच से साढे़ नौ बजे तक होगा। कामयाब अभ्यर्थियों को रोक लिया जाएगा, जबकि अन्य को उनके घरों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। भर्ती को लेकर शुक्रवार को डीएम हृदय शंकर तिवारी, एसपी पूनम, एसडीएम दीपाली कौशिक, सीओ कर्मवारी समेत आर्मी अफसर बड़ौत पहुंचे और जेवी कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान कॉलेज के मैदान को अपने कब्जे में ले लिया। सेना के कर्नल रजनीश मेहता ने बताया कि प्रक्रिया मेें सबसे पहले रामपुर जिला शामिल किया गया है। यहां पर 4207 अभ्यर्थी शामिल होगे।
एक साथ दौड़ेंगे 250 से अधिक अभ्यर्थी ःजेवी कॉलेज के मैदान पर एक बार में 250 से अधिक अभ्यर्थी एक साथ दौड़ेंगे। रेसिंग ट्रैक पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और प्रत्येक 20 कदम की दूरी पर सेना के जवान मुस्तैद रहेंगे। 20 से 30 अगस्त तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया में जहां 27 अगस्त तक सभी जनपदों के नियमित सभी जनपदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले तीन दिन तक मेडिकल व अन्य प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
q चार सेक्टर में बांटा बड़ौत
बड़ौत। भर्ती के लिए बड़ौत को पुलिस ने चार सेक्टरों में बांट दिया गया है। एसपी पूनम ने बताया कि इन पर सीओ तैनात रहेेंगे। बाहरी जिलों से फोर्स मंगाया गया है। किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।
q बिजरौल रोड से होगी एंट्री
बड़ौत। अभ्यर्थियों की एंट्री बिजरौल रोड से होगी। दौड़ के बाद अभ्यर्थियों को बावली रोड से से बाहर निकाला जाएगा। यहां से बसें मिलेंगी।
q सेना के जवानों की व्यवस्था
बड़ौत। मेरठ छावनी से आए सेना के जवानों को जेवी कॉलेज के आईटीआई, गर्ल्स होस्टल, बॉयज हॉस्टल में ठहराया गया है।