बड़ौत। मलकपुर में बावली के एक परिवार की तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस मौके पहुंची और लोगों को बंधन मुक्त कराया। मामला रुपयों के लेन-देन का बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई की है।
पीड़िता बावली गांव निवासी विकास ने बताया लगभग चार साल पहले मलकपुर के सचिन को रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी लगवाने के लिए छह लाख रुपये दिए थे। सचिन ने उसकी नौकरी नहीं लगवाई और न ही उसके रुपये वापस दिए। उसने कई बार रुपये लौटाने के लिए कहा, लेकिन वह अनसुना करता रहा। आरोपी ने सोमवार सुबह उसे रुपये लौटाने के लिए अपने घर बुलाया। वह अपने परिवार के साथ मलकपुर में युवक के घर पहुंचा। विकास ने बताया कि सचिन ने अपने पक्ष के कुछ लोगों के साथ उन्हें घेरकर मारपीट की और बंधक बना लिया। पुलिस को झूठी जानकारी देकर बताया कि बावली के कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला बोलकर मारपीट कर दी है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों को बंधन मुक्त कराया। सीओ युवराज ने बताया कि नौकरी लगवाने के नाम पर मलकपुर गांव में दो पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ है। मलकपुर के सचिन, बावली के विकास और सूरज के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है।