हरचंदपुर गांव के आरिश पर युवती को गर्भवती करने का आरोप लगाते हुए जबरन शादी करा दी गई। इसके बाद दोनों कचहरी तलाक लेने पहुंच गए, तो पंचायत बुलाकर आरिश और उसकी बहन को पीटा गया। इसके कुछ देर बाद आरिश का शव घर में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बागपत के हरचंदपुर गांव में जबरन निकाह कराने और पंचायत में पिटाई किए जाने के बाद आरिश (22) का शव सोमवार रात घर में फंदे पर लटका मिला। उसका 12 दिन पहले निकाह कराया गया था। सोमवार को कचहरी में पहुंचकर आरिश व युवती ने अलग रहने की इच्छा जताते हुए तलाकनामा तैयार कराया। इसका पता चलने पर शाम को गांव में पंचायत बैठ गई और वहां कुछ लोगों ने उसकी व छोटी बहन की पिटाई कर दी। उसके बाद शव फंदे पर लटका मिला, जिसकी हत्या का शक भी परिजन जता रहे हैं।
विज्ञापन
तलाक के लिए तैयार किया गया समझौतानामा।
- फोटो : अमर उजाला
जीजा सलीम ने बताया कि कुछ समय पहले उसके साले आरिश का रिश्ता सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हो गया था। इसके बारे में परिवार और गांव के लोगों को भी बताया गया। आरोप लगाया कि तभी परिवार में बहन लगने वाली युवती के साथ उसके संबंध होने व उस युवती के गर्भवती होने की बात कहते हुए पंचायत की गई। पंचायत में आरिश को जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
पोस्टमार्टम हाउस पर परिजन और गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
आरोप लगाया कि युवती के परिवार वालों और गांव के लोगों ने दो पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर आरिश पर निकाह करने का दबाव बनाया और आठ सितंबर को दोनों का जबरन निकाह करा दिया। उनके अनुसार, निकाह से आरिश और युवती दोनों में कोई खुश नहीं था, दोनों एक-दूसरे से तलाक चाहते थे।
सलीम ने बताया कि सोमवार को आरिश और युवती कचहरी पहुंचे, जिन्होंने एक अधिवक्ता के साथ मिलकर तलाकनामा तैयार कराकर उसपर हस्ताक्षर किए। जिसकी वीडियो भी बनाई गई। इस तलाकनामे के फोटो व वीडियो वकील व आरिश के परिजनों के पास मौजूद हैं। तलाकनामा तैयार कराने की जानकारी जैसे ही युवती के परिवार वालों को लगी तो उन्होंने शाम को गांव के कुछ लोगों को बुलाकर पंचायत कर दी।
आरोप लगाया कि पंचायत में तलाकनामा मंगवाकर फाड़ दिया गया और आरिश को पांच लाख रुपये देने के बाद तलाक मिलने का फरमान सुनाया गया। इस पर आरिश ने ढाई लाख रुपये देने के लिए भी कहा, लेकिन लोग पांच लाख रुपये की मांग पर अड़े रहे। आरोप है कि पंचायत में आरिश और उसकी बहन की पिटाई भी की गई। पिटाई होने के बाद आरिश अपने कमरे में चला गया। सोमवार रात करीब दो बजे पंखे पर रस्सी से बनाए गए फंदे पर उसका शव लटका देख परिजनों ने शोर मचा दिया। आरिश की मौत होने की सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
मुंबई से पिता के आने पर उठेगा आरिश का जनाजा
आरिश अपने परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और मजदूरी करता था। आरिश के पिता नदीम मुंबई में टावर लगाने का काम करते हैं, जो पिछले काफी समय से मुंबई में ही हैं। आरिश की मौत होने का पता चलते ही नदीम ट्रेन में बैठकर वापस चल दिए, जो बुधवार को गांव पहुंचेंगे। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए, लेकिन सुपुर्द ए खाक नहीं किया। अब बुधवार को उसके पिता के आने के बाद ही आरिश का जनाजा उठेगा।
हत्या का शक भी जताया गया
सलीम ने बताया कि आरिश का शव फंदे पर लटका हुआ था तो उसके हाथ पीछे की तरफ थे, जैसे वह बंधे हुए हों। उनका कहना है कि आरिश ने आत्महत्या की है तो उसके हाथ इस तरह पीछे कैसे थे, जो बड़ा सवाल है। उनका दावा है कि आरिश के साथ कमरे में युवती भी थी। उन्होंने आरिश की हत्या का शक भी जताया।
दो गुटों में बंटे ग्रामीण
हरचंदपुर गांव में सोमवार शाम हुई पंचायत में सैकड़ों लोग शामिल हुए। आरिश की मौत होने के बाद गांव के लोग दो गुटों में बंट गए हैं। एक गुट के लोग पूरे प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं तो दूसरे गुट के लोग आरिश के परिवार वालों को समझाकर मामला निपटाने में लगे हुए हैं।
ये बोलीं सीओ
प्रथम दृष्टया जांच में आत्महत्या करना सामने आया है। मृतक के परिवार की तरफ से कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - सुकन्या शर्मा, सीओ बागपत