बढ़ गया यमुना का जलस्तर, बाढ़ चौकियों पर अलर्ट
बागपत। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के चलते यमुना का जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। इसके चलते प्रशासन भी सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, हिंडन नदी पर बाढ़ को देखते हुए चौकियां बनाई गई है। जिले में 69 बाढ़ से प्रभावित गांव है।
बारिश का मौसम चल रहा है। इसके चलते हथनी कुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे यमुना का जल स्तर बढ़ता जा रहा है। इसको देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। बाढ़ से जिले के 69 गांव प्रभावित रहते है। यमुना नदी क्षेत्र में पड़ने वाले गांवों में बाढ़ से बचाव के लिए कार्य योजना प्रशासन ने तैयार कर ली है। तीनों तहसील क्षेत्रों में 11 स्थानों पर बाढ़ चौकी और 11 स्थानों पर राहत स्थल बनाए गए है। इन सभी स्थानों पर डीएम के आदेश पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
यह गांव है यमुना नदी से प्रभावित
बागपत तहसील के बागपत, पाली, सिसाना, निवाड़ा, गौरीपुर ज्वाहरनगर, नैथला, फैजुल्लापुर, फैजपुर निनाना, खेड़ा इस्लामपुर, राजपुर खामपुर, सुल्तानपुर हटाना, खेकड़ा तहसील के काठा, नंगला बहलोलपुर, मवीकलां, सांकरौद, सुभानपुर, नूरपुर खालसा, अब्दुलपुर, बड़ौत तहसील के छपरौली, टांडा, नांगल, कुर्डी, बदरखा, ककौर, शबगा, जागौस, अकबरपुर, खेड़ी प्रधान, कोताना आदि गांव शामिल है।
बाढ़ चौकी स्थल
बागपत तहसील क्षेत्र में बागपत तहसील, थाना बालैनी, थाना चांदीनगर, खेकड़ा तहसील की पुलिस चौकी पाठशाला, पुलिस चौकी रटौल, बड़ौत तहसील में थाना बिनौली, पुलिस चौकी बामनौली, थाना छपरौली, प्राथमिक पाठशाला जागौस, बरनावा पुलिस चौकी, कोताना पंचायत चौपाल को बाढ़ चौकी बनाया गया है।