बागपत के बड़ौत में गुरूवार को बिजरौल गांव में गुरूवार दोपहर ट्यूबवेल और घर का बकाया बिजली बिल जमा न करने को लेकर चार भाइयों में संघर्ष हो गया। चाराें ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इसमें दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के आने से पूर्व दो अन्य भाई फरार हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
घायलों में जितेंद्र व बालेंद्र पुत्रगण जगपाल बिजरौल गांव के रहने वाले है। घायलों ने बताया कि विद्युत निगम के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते उनके घर और ट्यूबवेल पर पांच लाख रुपये का बकाया बिल दर्शाया गया है। कई बार लिखित व मौखिक शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
ऐसे में बकाया बिल जमा करने को लेकर जब भी परिवार मेें बातचीत चलती, सभी भाई एक-दूसरे पर टाल देते। इसी को लेकर बृहस्पतिवार को चारों भाइयों के बीच कहासुनी व मारपीट हो गई। सभी ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।
इसमें जितेंद्र व बालेंद्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो घायलों को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।