हाइटगेज से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत-मेरठ मार्ग पर हिंडन नदी के पास लगाए गए हाइट गेज से ट्रक टकराने से हरियाणा के भिवानी जिले के ऊन गांव के चालक राजसिंह की मौत हो गई। जबकि परिचालक घायल हो गया। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर मार्ग पर आवागमन सूचारु कराया।
चालक राजसिंह सोमवार सुबह ट्रक में गुजरात से लकड़ी भरकर सरधना लेकर जा रहा था। ट्रक में उसके साथ परिचालक तिलकराज निवासी रिवाड़ी खेड़ा जिला भिवानी हरियाणा था। जब वह बरनावा चौकी पर पहुंचे तो पुलिस कर्मियों ने उनको रोकने का प्रयास किया। मगर उसने ट्रक को रोकने की जगह दौड़ा लिया। हिंडन नदी पुल जर्जर होने के कारण भारी वाहन रोकने को लगाए गए हाइट गेज से ट्रक टकरा गया। इससे चालक राज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिचालक तिलकराज गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने वहां पहुंचकर ट्रक के अंदर से चालक को मृत अवस्था में बाहर निकाला और घायल परिचालक को सीएचसी बिनौली पर भर्ती कराया। सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि ट्रक चालक के परिजनों को सूचना दी गई, जबकि परिचालक का उपचार कराया गया।
दो घंटे लगा रहा जाम, लोग रहे परेशान
ट्रक के हाइट गेज में टकरा जाने के बाद बड़ौत-मेरठ मार्ग पर तकरीबन दो घंटे जाम लगा रहा। लोगों को इस दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ा।