नगर पालिका के सामने सोमवार रात कई सांड़ आपस में भिड़ गए। सींगों से एक-दूसरे को धकियाते रहे। इनकी लड़ाई की चपेट में आने से लोग बाल-बाल बचे। आधा घंटे तक दोनों ओर के वाहन चालक रुके रहे।
बागपत शहर में नगर पालिका के बाहर सोमवार रात सात सांड़ आपस में भिड़ गए। उन्होंने टक्कर मारकर दो बाइकें और दुकानों के बाहर रखे चार काउंटर तोड़ दिए। इससे लोगों में भगदड़ मच गई। सांड़ आपस में लड़ते हुए नगर पालिका से जिला पंचायत तक पहुंच गए और वहां आधा घंटे तक उत्पात मचाते रहे। इससे सड़क पर आवागमन थम गया और सांड़ वहां से खुद ही पक्का तालाब की तरफ चले गए।
विज्ञापन
कोर्ट रोड पर रहने वाले देवेंद्र, अंकुश और निखिल आदि ने बताया कि सोमवार रात नगर पालिका के पास सात सांड़ इकट्ठा हो गए थे, जो आपस में भिड़ने लगे। सांड़ों के आपस में भिड़ते ही वहां भगदड़ मच गई और लोगों ने भागकर जान बचाई। सांड़ों की टक्कर लगने से सोनीपत बस स्टैंड पर सैलून पर कटिंग करा रहे अशरफ निवासी मोहल्ला मुगलपुरा और सोनू निवासी नई बस्ती की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके अलावा सांड़ों ने मिंटू चौहान की चाय की दुकान, चाऊमीन विक्रेता मोनी, चाय का खोखा, पवन के काउंटर में भी टक्कर मारी। वहां इकट्ठा हुए लोगों ने डंडा मारकर सांड़ों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन सांड़ भिड़ते रहे और डंडा लेकर जाने वालों के पीछे दौड़ने लगे।
इसके बाद सांड़ों पर पानी भी डाला गया। इस तरह वहां आधा घंटे तक भगदड़ मची रही। वहां से लड़ते हुए सांड़ सिसाना रोड पर तालाब के पास चले गए तो सड़क से वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। लोगों ने अफसरों से सांड़ों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाने की मांग की।
सांड़ों के हटने का इंतजार करता रहा कार चालक
कोर्ट रोड निवासी कार सवार आशु ने सांड़ों की भिड़ंत देखते ही जिला पंचायत से पहले अपनी कार रोककर खड़ी कर ली और सांड़ों के एक तरफ होने का इंतजार करने लगे। इनके अलावा बड़ा बाजार के रोहित व वीरेंद्र की गाड़ी भी पीछे रोकनी पड़ी। काफी देर बाद सांड़ एक तरफ हुए तो कार लेकर अपने घर गए।
ये बोले अधिकारी
गोवंश के आपस में भिड़ने का मामला जानकारी में नहीं है। शहर में अभियान चलाकर सभी गोवंशों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाया जाएगा। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। -हरीलाल पटेल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका