दिल्ली से शामली की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 54057 में शनिवार रात सीट पर बैठने को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह विवाद ट्रेन से नीचे उतरकर खेकड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। इस दौरान बीच-बचाव करने आई एक महिला यात्री भी धक्का-मुक्की का शिकार हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेकड़ा से बड़ौत की ओर आ रहे कुछ युवकों की सीट को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई थी। ट्रेन जैसे ही खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर रुकी, दोनों पक्ष प्लेटफॉर्म पर उतर आए और मामला मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद काफी देर तक चलता रहा।
आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद जीआरपी (सरकारी रेलवे पुलिस) और रेलवे पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मारपीट के बाद दोनों पक्ष के युवक एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
यात्रियों में असुरक्षा की भावना
स्थानीय यात्रियों सुनील, मनोज, दिनेश, पंकज और आदित्य ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। लेकिन जीआरपी और रेलवे पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण यात्रियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता अपराधियों के हौसले बुलंद करती है।
पुलिस की कार्रवाई का आश्वासन
इस संबंध में जीआरपी बड़ौत के थाना प्रभारी शनि शर्मा ने कहा कि स्टेशन पर मारपीट की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। यदि खेकड़ा स्टेशन पर मारपीट हुई है, तो वह लोनी जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कराई जा रही है और पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
कांवड़ यात्रा: डाक कांवड़ की ऊंचाई और डीजे की आवाज को लेकर आया ये आदेश, लागू होगा रूट डायवर्जन