बड़ौत के मुर्गी फॉर्म में मौजूद मुर्गी।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत में दिल्ली में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद बागपत जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया। पशु विभाग ने बागपत के तमाम मुर्गी फार्मों में जाकर मुर्गों की जांच के लिए टीम गठित की। टीम गांव-गांव में मुर्गी फार्मों में मुर्गों की जांच कर रही है, साथ ही दिल्ली समेत अन्य जगहों से आने वाले मुर्गों की सप्लाई पर भी रोक लगा दी, क्योंकि बागपत दिल्ली से सटा जिला है और बागपत से दिल्ली समेत अन्य जगहों से मुर्गों समेत अन्य पक्षियों की सप्लाई की जाती है।
बर्ड फ्लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जहां बर्ड फ्लू को देख दिल्ली चिड़ियाघर को 45 दिन के लिए बंद कर दिया, वहीं अब बागपत में भी अलर्ट जारी किया। हालांकि क्षेत्र मेें अलर्ट जारी करने से पहले ही क्षेत्र के कई मुर्गी फार्मों में दर्जनों मुर्गों की अज्ञात बीमारी से मौत हो चुकी थी। शिकायत के बाद ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।
बर्ड फ्लू को देख प्रशासन और पशु पालन विभाग ने भी दिल्ली, हरियाणा, सोनीपत, लोनी, गाजियाबाद व अन्य जगहों से बागपत मेें सप्लाई होने वाले मुर्गों पर रोक लगा दी। इस मामले में कई टीमें भी गठित की। सभी को चेतावनी दी यदि कोई कारोबारी चोरी छिपे दिल्ली समेत अन्य जगहों से मुर्गों को लाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में एसडीएम दीपाली कौशिक ने कहा बर्ड फ्लू से दिल्ली में कई पक्षियों की मौत हो चुकी है, यह बीमारी बागपत में न फैले, इसके लिए अलर्ट जारी किया। बाहर से आने वाले मुर्गों की सप्लाई पर भी प्रतिबंध लगाया।