पुलिस को घटना की जानकारी देती सहमी हुई शिक्षिका।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली रोड स्थित करन विहार कालोनी में सोमवार को दिनदहाड़े शिक्षिका को बंधक बनाकर तीन बदमाशों ने लूटपाट की। घर से दस हजार की नगदी समेत सोने-चांदी के जेवर लूटकर ले गए। सूचना पर सीओ मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
खंगाली गई अलमारी और बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत की करन विहार कालोनी में रहने वाली कुसुम सिरोही पत्नी स्वर्गीय जितेन्द्र सिंह नगर के एक निजी स्कूल में टीचर हैं। उनका बेटा राहुल मर्चेन्ट नेवी में नौकरी करता है। कुसुम घर में अकेली रहती हैं। कुसुम के अनुसार मंगलवार दोपहर वह स्कूल से आने के बाद घर के अंदर कुछ काम कर रही थी। इस दौरान दरवाजे पर दो युवक आए और अपने को बैंक कर्मी बताते हुए मकान के अंदर घुस गए।
उन्होंने राहुल के कुछ बैंक दस्तावेजों के सत्यापन की बात की। इस पर कुसुम ने बताया कि राहुल तो नौकरी पर गया हुआ है। उसके घर आने के बाद ही आप लोग आना। इस पर एक युवक ने उनसे पानी मांगा। इस दौरान बाहर से तीसरा युवक घर के अंदर घुस गया। इसके बाद उन्होंने शिक्षिका के हाथ-पैर और मुंह बांध दिया। बदमाशों ने उन्हें घर के एक कोने में बैठा दिया। इसके बाद घर में जमकर लूटपाट की। उन्होंने घर की अलमारी में रखे दस हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर व शिक्षिका का मोबाइल लूट लिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
कुसुम ने किसी तरह बंधनमुक्त होकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में सीओ विजय चौधरी, इंस्पेक्टर मनोज कुमार चाहल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बताया जा रहा है कि शिक्षिका से लूटा हुआ मोबाइल मलकपुर रोड पर पड़ा मिला। पीड़िता ने बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।