हरियाणा के लोगों का यमुना पर पुल बनाकर यूपी की सीमा में खनन करने का विवाद लगातार जारी है। आरोप है कि मंगलवार को हरियाणा के लोगों ने यूपी के गांव खेड़ी प्रधान में यमुना पर पुल बना दिया। यही नहीं, यूपी की तरफ आकर मशीनों से खनन शुरू करके फसलों को उजाड़ दिया। इस पर किसानों ने हंगामा कर दिया। माहौल बिगड़ता देखकर एसपी, एडीएम अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। एडीएम ने बड़ौत तहसील की टीम को जल्द पैमाइश करने के लिए लगाया है। साथ ही हरियाणा के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बागपत में खेड़ी प्रधान गांव के पास यमुना में हरियाणा के लोगों ने अवैध रूप से पुल बना दिया। मंगलवार को हरियाणा की तरफ से मशीनों को खेड़ी प्रधान गांव के खादर में लेकर पहुंच गए और खनन शुरू कर दिया गया। इसका पता चलते ही संजीव, ओमपाल, नीटू, प्रकाश रामपाल, सुधीर, अमरपाल, सुरेशपाल, विक्रम, दिलावर आदि किसान खेतों में पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना डीएम सहित अन्य आला अफसरों को दी।
किसानों का कहना था कि बालू ठेकेदारों ने पुल के ऊपर से मशीनों को यूपी की सीमा में उतार दिया और उनकी सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर ठेकेदार के गुर्गें किसानों पर हमला भी करते हैं। सूचना पर एसपी नीरज जादौन, एडीएम अमित कुमार, एसडीएम पूजा चौधरी, तहसीलदार हर्ष चावला, खनन अधिकारी हवलदार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख खनन करने वाले हरियाणा के लोग भाग गए।
यह भी पढ़ें: चिल्लाते रहे मासूम: नहीं पसीजा विनोद का दिल, पत्नी की गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार, थाने जाकर बोला- पूनम को मारकर आया हूं...