खेकड़ा में प्रेमिका की बेवफाई से निराश होकर नौवीं कक्षा का छात्र अपनी प्रेमिका और परिजनों के नाम दो चिट्ठी (सुसाइड नोट) लिखकर लापता हो गया। चिट्ठी में छात्र ने बेवफाई से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। छात्र के परिजनों ने दोनों चिट्ठी पुलिस को सौंपकर बेटे को बरामद कराने की मांग की।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह नींद से जागे तो छात्र घर में नहीं मिला, जबकि घर में रखी दो चिट्ठियां उन्हें मिल गईं। चिट्ठी में छात्र ने लिखा कि कुछ दिन पहले पड़ोस की ही एक छात्रा से बातचीत हो गई। दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। पिछले कई दिन से दोनों के बीच बातचीत बिगड़ गई। छात्र ने प्रेमिका को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके क्षुब्ध होकर छात्र दो चिट्ठियों में प्रेमिका की बेवफाई और खुद के आत्महत्या करने की बात लिखकर चला गया।
मंगलवार सुबह छात्र के घर में नहीं मिलने और उसकी चिट्ठी मिलने के बाद परिजनों ने आसपास तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि छात्र के बारे में पता लगाया जा रहा है, जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।