घायल बुुजुर्ग और जिला अस्पताल में भर्ती गुड्डन।
- फोटो : अमर उजाला
छपरौली कस्बे के शेरपुर लुहारा गांव में पागल कुत्ते ने बीए की छात्रा गुड्डन समेत सात ग्रामीणों और एक गाय को काटकर घायल कर दिया। इसके बाद वह एक बच्चे पर झपटने लगा तो लोगों ने पागल कुत्ते को मार दिया। घायलों का छपरौली सीएचसी में उपचार कराया, जहां से छात्रा गुड्डन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायलों को चिकित्सकों ने एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए हैं।
लुहारा गांव निवासी जसबीर शनिवार सुबह घर के पास खड़े हुए थे। तभी एक कुत्ता वहां आया और उन पर झपट पड़ा। कुत्ते ने जसबीर को काटकर घायल कर दिया। उसी कुत्ते ने लुहारा गांव में ही गली में खड़े विकास और शेखर को भी काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने डंडे से कुत्ते को भगाया तो उसने घर से घेर में जा रही बीए की छात्रा गुड्डन पर हमला कर दिया।
कुत्ते ने गुड्डन के हाथ और पैर पर काटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने वहां से भी भगाया। इनके अलावा शेरपुर गांव में भी उसी कुत्ते ने सोनू और नितिन को काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्ते को गांव से बाहर भगा दिया।
इसके बाद कुत्ता बस स्टैंड पर परिजनों के साथ खड़े एक बच्चे के ऊपर झपट पड़ा, लेकिन काट नहीं पाया। कुत्ते का पंजा लगने से बच्चा घायल हो गया। कुत्ते में पागल होने के लक्षण मुंह से लार टपकने और चिड़चिड़ापन देखकर लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर कुत्ते को मार दिया।
इसके बाद जंगल में गड्ढे की खोदाई कर कुत्ते का शव दबा दिया गया। परिवार वालों ने घायल जसबीर, विकास, शेखर, गुड्डन का सीएचसी में उपचार कराया। जहां एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाने के बाद घायलों को घर भेज दिया गया, जबकि गुड्डन का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।