दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बागपत से कांधला तक नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण करने वाले प्रतिष्ठान चिन्हित किए गए हैं। एक सप्ताह में अतिक्रमण नहीं हटाने और एनएचएआई से एनओसी नहीं लेने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण करने और एनओसी नहीं लेने पर एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने 41 होटल, बैंक्वेट हॉल संचालकों और कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया। इनको एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाने और एनओसी लेने के निर्देश दिए गए। ऐसा नहीं करने पर रास्ता बंद कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
Trending Videos
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर नए-नए होटल, बैंक्वेट हॉल का निर्माण कराया जा रहा है और कॉलोनी भी काटी जा रही हैं। इसके लिए नेशनल हाईवे की जमीन पर अतिक्रमण भी किया जा रहा है। एनएचएआई के स्थल अभियंता अंकुर आनंद ने बताया कि अधिकांश होटल, बैंक्वेट हॉल संचालकों और कॉलोनाइजरों ने नेशनल हाईवे किनारे लगी लोहे की ग्रिल काटकर नाले के ऊपर तक कब्जा कर रखा है। वहां पर प्रचार-प्रसार के लिए निर्माण भी करा रखा है, जिससे सड़क हादसे होते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि 41 होटल, बैंक्वेट हॉल संचालको और कॉलोनाइजरों ने एनएचएआई से एनओसी भी नहीं ली। एक सप्ताह में एनओसी नहीं लेने और अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
हादसा होने पर दर्ज कराई जाए प्राथमिकी
एनएचएआई के अफसरों ने डीएम को भी पत्र लिखा। इसमें अतिक्रमण करने वाले होटल, बैंक्वेट हॉल संचालकों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के लिए लिखा गया है। यह भी लिखा कि सड़क हादसा होने पर अतिक्रमण करने वाले के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।