उत्तर प्रदेश के बड़ौत में पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ 29 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
बड़ौत में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ौत पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार रात एक बड़ौत कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर बदमाश आरिफ को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आरिफ निवासी मोहल्ला पठानकोट एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ जनपद बागपत में 29 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
मुठभेड़ बावली नहर राणा पुलिया के पास हुई, जहां संदिग्ध रूप से बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन वह रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरिफ घायल हुआ और मौके पर ही दबोच लिया गया।
सीओ विजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए और आरोपी से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा, बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आरिफ एक शातिर अपराधी और गैंग का सक्रिय सदस्य है, जो चोरी, लूट, हत्या की कोशिश, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट व महिला उत्पीड़न जैसे मामलों में वांछित रहा और वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। थाना बड़ौत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।