कांधला। साइबर ठगों की ओर से लोगों को झांसे में लेकर खातों से रकम उड़ाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ग्राम गंगेरू निवासी कपड़ा व्यापारी फराज के खाते से 40 हजार रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली गई।
पीड़ित फराज ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक कांधला में है। नौ जुलाई को उन्होंने अपना क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए बैंक से संपर्क किया था। इसके बाद 18 जुलाई को उनके पास 8700716486 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए कहा कि क्रेडिट कार्ड बंद करने के लिए एक ओटीपी आएगा, जिसे उन्हें साझा करना होगा।
फराज ने जैसे ही ओटीपी बताया, उनके खाते से पैसे कटने लगे। सबसे पहले 15,221 रुपये खाते संख्या 207202526888682577 में ट्रांसफर हुए, इसके बाद 24,974 रुपये एक अन्य खाते संख्या 2007202526889121445 में भेज दिए गए। कुल मिलाकर साइबर ठगों ने उनके खाते से 40 हजार रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।