फेसबुक से हुए प्यार में प्रेमी और प्रेमिका ने शादी के बंधन में बंधने का वादा कर लिया, लेकिन तीन साल बाद प्रेमी शादी करने से पीछे हट गया। इससे क्षुब्ध प्रेमिका बालैनी थाने के बाहर पहुंच गई। वहां पर उसने गाड़ी के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की, पुलिस ने रोका तो जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेमिका सहारनपुर जिले के एक गांव की रहने वाली है। तीन साल पहले फेसबुक पर बागपत स्थित बालैनी क्षेत्र के एक गांव के युवक से उसकी दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो प्यार में बदल गई।
शुक्रवार को बालैनी थाने पहुंची युवती ने बताया कि उसके प्रेमी ने शादी करने का वादा किया और शादी के लिए समय भी तय किया था। अब उसने शादी करने से इंकार कर दिया तो वह पुलिस से शिकायत करने पहुंच गई। उसने बताया कि प्रेमी ने तीन साल तक उसके साथ खिलवाड़ किया और अब वादा तोड़ रहा है।
यह भी पढ़ें...
Meerut: शराब पीने से मना किया तो सोते हुए बड़े भाई पर किया हमला, ईंट से सिर और चेहरा कुचलकर मार डाला
थाने के बाहर उसका प्रेमी भी अपने परिवार वालों के साथ पहुंच गया। वहां उन्होंने प्रेमिका को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी थी। प्रेमी ने शादी करने से साफ मना कर दिया तो प्रेमिका ने थाने के बाहर एक वाहन के आगे कूदने का प्रयास किया, उसे लोगों ने बचा लिया। पुलिस भी आ गई।
इसके बाद प्रेमिका ने अपने पर्स से जहरीला पदार्थ निकालकर निगल लिया, इससे उसकी हालत बिगड़ गई। लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
थाने में कई बार हो चुका हंगामा
प्रेमी और प्रेमिका के बीच शादी को लेकर पिछले छह महीने से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच थाने में कई बार हंगामा भी हो चुका है, लेकिन प्रेमी शादी करने को तैयार नहीं है। इसके अलावा प्रेमिका अपने प्रेमी के घर जाकर भी हंगामा कर चुकी है।