पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां 22 लाख से ज्यादा कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। वहां बुधवार की सुबह झंडा रोहण के बाद अचानक कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था फैल गई थी। इसके साथ ही कांवड़ियों ने चतुर्दशी का जलाभिषेक किया।
जलाभिषेक करने के लिए उत्साहित श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर मंगलवार की रात से ही लाइन लग गई थी, जो करीब तीन किमी तक लंबी थी। यह लाइन देर शाम कुछ कम हुई, मगर वहां रात को कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। इससे बुधवार सुबह करीब चार किमी लंबी लाइन लग गई। वहां कांवड़िये व श्रद्धालु लगातार भगवान आशुतोष का जलाभिषेक व पूजा करते रहे। इसके बाद भी कांवड़िये लगातार आते रहे। मंदिर में बुधवार शाम तक करीब 22 लाख कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
पुरा महादेव पर लगे मेले का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
मंदिर में बुधवार की सुबह तीन बजकर 35 मिनट पर मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ झंडा पूजन शुरू कराया, जो चार बजकर 35 मिनट पर खत्म हुआ। इसमें डीएम अस्मिता लाल व एसपी सूरज कुमार राय समेत अन्य काफी गण्यमान्य लोग शामिल हुए। झंड़ा पूजन होते ही मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर पर झंडा रोहण होते ही कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने चतुर्दशी का जलाभिषेक शुरू कर दिया। वहां अचानक भीड़ बढ़ने पर अव्यवस्था फैल गई। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह व्यवस्था संभाली। जलाभिषेक करने के बाद कांवड़िये अपने घर की तरफ रवाना होते रहे। इस दौरान एडीएम पंकज वर्मा, एएसपी एनपी सिंह, मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुनील रोहटा, संजीव शर्मा, अरुण शर्मा, ब्रह्मपाल प्रधान व अशोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आज भी होगा जलाभिषेक, मेला भी रहेगा
मंदिर के मुख्य पुजारी जयभगवान शर्मा ने बताया कि भगवान आशुतोष का जलाभिषेक बृहस्पतिवार को जारी रहेगा क्योंकि जिस तरह से कांवड़िये व श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, उसको देखते हुए सभी शनिवार तक ही जलाभिषेक कर सकेंगे। वहीं पुरा महादेव पर शनिवार को मेला भी रहेगा।
मंदिर के सभी रास्तों पर लगा रहा जाम
पुरा महादेव मंदिर पर भीड़ बढ़ने के कारण उस तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई। इससे बालैनी, बढ़सैनी व हिंडन नदी की तरफ वाले रास्तों पर जाम लगा रहा। वाहनों को बैरिकेड से भी काफी पहले ही रोकना पड़ा। इससे श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। पुलिस को भी व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एडीजी ने मंदिर का निरीक्षण किया
एडीजी भानु भास्कर ने बुधवार को मंदिर में पहुंचकर निरीक्षण किया और वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ियों के साथ अच्छा व्यवहार करने व जलाभिषेक कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए।
मंदिर में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुरा महादेव मंदिर में मेले में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी, आरएएफ और पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी मेला क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। एटीएस की टीम बुधवार को भी निरीक्षण करने पहुंची। डीएम अस्मिता लाल, एसपी सूरज कुमार राय व एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह लगातार मेले का निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा में लगी टीमों को दिशा-निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं ने मेले में पहुंचकर की खरीदारी
पुरा महादेव मंदिर पर लगने वाले मेले में दुकानेें भी लगाई गई हैं, जहां श्रद्धालुओं के साथ पहुंचकर बच्चों ने खिलौने व अन्य सामान खरीदा। वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन के साथ ही घरेलू सामान खरीदा। पूजन सामग्री, तस्वीर व अन्य सामान की भी श्रद्धालुओं ने खरीदारी की।