पुलिस ने शुरू की जांच। सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : crime
दाहा के कंडेरा गांव के रहने वाले जन सेवा केंद्र संचालक सन्नी को हरिद्वार जाते समय बुधवार को गढ़ी कांगरान अड्डे पर ससुराल वालों ने पकड़ लिया। आरोप है कि सन्नी के साथ पहले मारपीट की गई और उसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वह गंभीर रूप से झुलस गया जो मेरठ के अस्पताल में भर्ती है। उसके पिता ने ससुराल वालों पर कार्रवाई के लिए दोघट थाने में तहरीर दी तो सन्नी ने भी वीडियो में ससुराल वालों पर आरोप लगाए।
दाहा के कंडेरा गांव निवासी वेदपाल ने दोघट थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसके बेटे सन्नी की शादी एक साल पहले गढ़ी कांगरान की अंकिता से हुई थी। सन्नी व उसकी पत्नी के बीच एक सप्ताह से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। इस कारण वह अपने मायके चली गई थी।
मंगलवार शाम को सन्नी बाइक पर सवार होकर हरिद्वार जा रहा था। वह गढ़ी कांगरान अड्डे पर पहुंचा तो वहां कांवड़ देखने के लिए रुक गया। आरोप है कि वहां ससुराल के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे उठाकर ले गए। चार लोगों ने सन्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पड़ोसी ने इसकी सूचना सन्नी के परिजनों को दी।
परिजनों ने पुलिस को बुलाकर झुलसे सन्नी को बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। वहीं सन्नी की अस्पताल की एक वीडियो भी वायरल हुई। उसमें वह अपने ससुराल वालों पर आरोप लगा रहा है। उसके पिता की तहरीर, वीडियो और बिनौली सीएचसी में दिए गए बयान तीनों को देखते हुए पुलिस जांच कर रही है।
ये बोले एसपी
युवक के झुलसने पर बिनौली सीएचसी का एक मीमो पुलिस के पास आया था। इसके अलावा उसका वीडियो भी आया है। इन सभी को देखते हुए जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
-सूरज कुमार राय, एसपी