बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित सीओ कार्यालय में बुधवार की सुबह एसी की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कार्यालय में तैनात सचिन, आदित्य समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने वहां से भागकर जान बचाई और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अग्निशमन कर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीओ कार्यालय में लगे एसी की लाइन में बुधवार सुबह पौने 10 बजे धुआं निकलने लगा। पुलिसकर्मी सचिन, आदित्य सीओ के कक्ष में पहुंचे तो वहां आग लगी थी और धुआं निकल रहा था। कार्यालय के अंदर रखे दस्तावेजों में भी आग लग गई। कार्यालय में रखी विवेचनाओं से संबंधित फाइलें, जनशिकायतों के प्रार्थना पत्र, जांच रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी महत्वपूर्ण पत्रावलियां, विभागीय पत्राचार के दस्तावेज भी जल गए।
अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। उसके बाद पुलिसकर्मियों ने जले हुए दस्तावेजों की जांच की, लेकिन कौन-कौन सी फाइल जली है, उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। उनकी पहचान होने के बाद ही पूरे नुकसान का पता चलेगा।
ये बोले सीओ
एसी की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। इसमें कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए हैं, उनका पता कराया जा रहा है।
-अंशु जैन, सीओ बड़ौत
ये भी देखें...
दो दोस्तों की मौत: परिवार का सहारा था लोकेश, सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था अब्दुल; ट्रैक्टर ने कुचल दिया