बागपत के दोघट कस्बे में गुरुवार को किसानों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब खतौली चीनी मिल द्वारा गन्ना ढुलाई भाड़ा बढ़ाए जाने के विरोध में किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर धरना देकर तौल प्रक्रिया पूरी तरह बंद कर दी। किसानों का कहना है कि जब तक बढ़ाया गया ढुलाई भाड़ा वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
तीन दिन तक तौल बंद रखने का ऐलान
किसानों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि ढुलाई भाड़ा वापस नहीं लिया गया तो वे मिलों को गन्ना नहीं देंगे। इसी के तहत किसानों ने 1 से 3 जनवरी तक गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल पूरी तरह बंद रखी। धरने के चलते क्रय केंद्र पर गन्ना आपूर्ति ठप रही।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
धरना प्रदर्शन में ओमकार, जगबीर, बलबीर, मांगेराम, कृष्णपाल, यशपाल, अनिल पंवार, हरेंद्र, डिंपल, मोनु, ऋषिपाल, सतेंद्र, अनिल बिजेपाल, धनबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।