बागपत जनपद के निवाड़ा पुलिस चौकी के सामने मंगलवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला, जिसके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किरठल गांव के रहने वाले गौरव ने बताया कि उसका भाई रोहित (22) हरियाणा के बहालगढ़ की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। जो सोमवार को ड्यूटी पर गया था, लेकिन वापस नही आया। जिसका शव निवाड़ा चौकी के सामने मंगलवार की सुबह पड़ा मिला।
गौरव ने बताया कि उसके भाई के शरीर पर चोट के कई निशान मिले। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक रोहित पांच भाइयों में तीसरे नम्बर का था, जो अविवाहित था। बताया कि जहां युवक का शव पड़ा मिला, उसके पास मृतक के मामा का भी मकान है।