बागपत में शराब पार्टी के दौरान चाट विक्रेता की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने उसे घर से बुलाकर ले जाने वाले दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके से बियर की बोतलें और अन्य सामान बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
बागपत में शराब पार्टी के दौरान एक चाट विक्रेता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक को उसके ही दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे और मीतली गांव के जंगल में नलकूप पर शराब पार्टी के दौरान ईंटों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
दोस्तों के साथ गया था, रात में नहीं लौटा
डौला गांव निवासी सचिन ने बताया कि उनके परिवार का सदस्य मूलचंद चाट और गोलगप्पे की ठेली लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे गांव के ही दो युवक उसे अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह रात में वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर कॉल की तो फोन बंद मिला।
जंगल में नलकूप पर मिला शव
शनिवार सुबह परिजन डौला चौकी पर शिकायत करने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मीतली गांव के जंगल में नलकूप के पास एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान मूलचंद के रूप में की। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
शराब पार्टी के बाद हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि गांव के दो दोस्त मूलचंद को शराब पार्टी के लिए बुलाकर ले गए थे और वहीं उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से बियर की बोतलें, अंडे, नमकीन और अन्य सामान बरामद किया है, जिससे वहां शराब पार्टी होने की पुष्टि हो रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मूलचंद अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।