बागपत। शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन सचिन शर्मा को गोली मारकर 5.88 लाख रुपये की लूटपाट करने के मामले में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वारदात को बागपत और गाजियाबाद के बदमाशों ने अंजाम दिया। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन उनको पकड़ने में पुलिस को अभी सफलता नहीं मिली है।
बागपत के ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी एवं नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन ईश्वर दयाल गुप्ता का शहर के बड़ौत रोड पर भजन लाल-ईश्वर दयाल नाम से पेट्रोल पंप है। सात नवंबर को सुबह उनका पौत्र अंकित गुप्ता, सेल्समैन सचिन शर्मा के साथ स्वीफ्ट डिजायर गाड़ी से 5.88 लाख रुपये कैश जमा करने के लिए शहर के राष्ट्र वंदना चौक के पास स्थित यूनियन बैंक में गए थे।
बैंक के सामने पहुंचने पर सेल्समैन सचिन शर्मा गाड़ी से उतरकर रुपये का बैग लेकर बैंक की ओर गए थे, तभी दो बदमाशों ने उसको गोली मारकर कैश का बैग लूट लिया था। हाथ में गोली लगने से सचिन घायल हो गया था। पुलिस तभी से ही अपराधियों की धरपकड़ में लगी हुई है। इसके लिए पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पुलिस लुटेरों को तो गिरफ्तार नहीं कर पाई, लेकिन पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगा लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक लूट की वारदात को बागपत और गाजियाबाद के अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपराधियों का पता लगाया। सीओ (क्राइम) श्वेताभ पांडेय ने कहा इस वारदात में बागपत और गाजियाबाद के अपराधी शामिल होने की जानकारी मिल रही है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।