कचहरी परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में मंगलवार सुबह नौ बजे जिला बार एसोसिएशन के 15 पदों पर मतदान शुरू हुआ। अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला और मतदान के लिए सुबह ही लंबी लाइन लग गई। दोपहर तक वोटिंग करने के लिए लाइन लगी रही। इस दौरान पुलिसबल भी तैनात रहा।
अध्यक्ष, महामंत्री समेत अन्य पदों के प्रत्याशी चौधरी चरण सिंह सभागार के बाहर खड़े होकर मतदाताओं का समर्थन मांगते नजर आए। जिला बार एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन नरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि मतपेटियां पुस्तकालय में रखवा दी गई हैं। सात नवंबर की सुबह दस बजे पुस्तकालय भवन में मतगणना शुरू होगी और उसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मतदान प्रक्रिया में आदिश जैन, योगेंद्रपाल सांगवान, नरेश मलिक, अजय शंकर शर्मा समेत अन्य अधिवक्ताओं ने निर्वाचन अधिकारी का कार्य किया।
सात को होगा इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
सात नवंबर को होने वाली मतगणना में 28 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें अध्यक्ष पद पर सतीश कुमार त्यागी और सुभाष सिंह तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अमितेश पूनिया और चांदवीर सिंह राणा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर पुनीत गुप्ता, सचिन कुमार, महामंत्री पद पर अजीत सिंह और मनोज कुमार शामिल हैं।
कोषाध्यक्ष पद पर मुन्ना खान और सचिन कुमार, संयुक्त मंत्री पद पर सनुज राठी, विकास शर्मा, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पद पर अजय कुमार यादव, निधि लता, संयुक्त मंत्री प्रशासन पर गुलाब सिंह तोमर, रजनीश कुमार, संयुक्त मंत्री सामाजिक पद पर अमित कश्यप, विक्रांत दुहूण शामिल हैं।
वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के तीन पदों पर अशोक कुमार, मनोज कुमार, रामकिशन सहरावत, संजय सिंह, सरिता पंवार, कनिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के तीन पदों पर मो.अजहर आलम, निकेता, संदीप कुमार, रोहित चौहान, यासिर अहमद प्रत्याशी शामिल हैं।