बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों के दौरान चोरी, लूट और चेन स्नेचिंग में शामिल रहे 22 अपराधियों के पोस्टर अब शहर के प्रमुख चौराहों पर बोर्ड पर लगाई गई हैं।
मकसद साफ है कि अपराधियों को पहचानो, जागरूक रहो और अपराध को रोकने में पुलिस की मदद करो। पुलिस के इस अभियान की जिले में चर्चा भी शुरू हो गई। लोग कह रहे हैं कि पहले फिल्मों के पोस्टर लगते थे, अब अपराधियों के लगे हैं।
पुलिस का तरीका एकदम फिल्मी है मगर यह असरदार भी हो सकता है। इसके लिए एसपी सूरज कुमार राय ने इंस्पेक्टरों को निर्देशित भी किया है कि वे जगह-जगह मुख्य चौराहों पर अपराधियों के पोस्टर चस्पा करें, ताकि जनता सर्तक रहे।
कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अनमोल शर्मा टीम के साथ शहर के मुख्य चौराहों पर अपराधियों के फोटो व पोस्टर चस्पा कर चुके हैं। वह जनता को जागरूक भी कर रहे हैं कि इनकी पहचान करके सतर्क रहिए।