खेकड़ा कस्बे के मोहल्ला विजयनगर के 12वीं कक्षा के छात्र बादल (16) ने चार पेज का सुसाइड नोट लिखकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार वाले दिल्ली के अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। सुसाइड नोट में उसने सहपाठी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने चार घंटे तक शव को सड़क पर रखकर धरना दिया।
मोहल्ला विजयनगर निवासी ओमपाल ने बताया कि उसका बेटा बादल जवाहर नवोदय विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ाई करता था। बृहस्पतिवार रात बादल कस्बे की लाइनपार बस्ती में फखरपुर अंडरपास में पड़ा मिला, उसने जहरीला पदार्थ निगल रखा था। पुलिस को बुलाकर उन्होंने बादल का जिला अस्पताल में उपचार कराया, वहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली रेफर कर दिया।
दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार के दौरान बादल की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बादल के मोबाइल फोन में चार पेज के सुसाइड नोट के फोटो मिले। सुसाइड नोट में बादल ने एक सहपाठी पर मारपीट कर शोषण करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को सुसाइड नोट सौंपकर सहपाठी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उधर, मृतक के परिजन शुक्रवार शाम को घर के पास मोहल्ले में चौराहे पर शव लेकर बैठ गए। उन्होंने कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी दी। वहां पहुंचे पुलिस कर्मियों ने समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। चार घंटे हंगामा चलने के बाद पुलिस ने सहपाठी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। परिजनों के धरना देने से खेकड़ा से काठा व रेलवे मार्ग पर वाहनों का जाम लगा रहा और कुछ वाहन अन्य मार्गों से निकाले गए।
बादल ने कभी शोषण के बारे में नहीं बताया
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य दुष्यंत कुमार ने बताया कि 12वीं की बोर्ड परीक्षा एक माह पहले हो चुकी हैं। अब सभी छात्र-छात्राएं विद्यालय से अपने घर जा चुके हैं। छात्र बादल ने कभी शोषण के बारे में कोई शिकायत नहीं की। अगर, वह बता देता तो उसकी शिकायत का समाधान जरूर कराया जाता।
जबरदस्ती अपना काम कराता था सहपाठी
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बादल का सहपाठी काफी समय से उसका शोषण कर रहा था। जो स्कूल में अपना सारा काम बादल पर दबाव बनाकर कराता रहता था और परिजनों या शिक्षकों से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता था। इसके अलावा 12वीं की पढ़ाई के बाद बादल जिस लाइब्रेरी में पढ़ने लगा, सहपाठी भी उसी लाइब्रेरी में आने लगा।
हाथ की नस काटकर और ट्रेन के नीचे कूदना चाहता था
बादल ने सुसाइड नोट में लिखा है कि सहपाठी के उत्पीड़न से परेशान होकर उसने दो बार ब्लेड से अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन ऐसा नहीं कर सका। इसके बाद उसने ट्रेन के नीचे कटकर जान देने के बारे में सोचा, लेकिन वहां से वापस लौट गया। इसके बाद लिखा कि इस तरह आत्महत्या करने की हिम्मत नहीं जुटा पाने के कारण जहरीला पदार्थ निगलकर ही आत्महत्या कर रहा हूं। बादल ने सुसाइड नोट में आरोपी सहपाठी छात्र के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की। जिससे दूसरों को सीख मिले।
ये बोले एएसपी
छात्र के आत्महत्या के मामले में सुसाइड नोट की जांच कराई जा रही हैं। जांच में जिस तरह का मामला सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- एनपी सिंह, एएसपी