बागपत। नेहरू युवा केंद्र की ओर से देश को आत्मनिर्भर बनाने में युवाओं के योगदान एवं केंद्र सरकार के प्रयासों की जानकारी देने के उद्देश्य से आत्मनिर्भर भारत विषय पर व्यक्तिगत संपर्क एवं सुविधा अभियान चलाया जा रहा है ।
जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने बताया कि अभियान अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के नेतृत्व एवं संबद्ध युवा मंडलों के सदस्यों ने वैकल्पिक रोजगार एवं भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रम अंतर्गत प्रत्येक विकास खंड में ज्यादा से ज्यादा लोगों को आत्मनिर्भर भारत अभियान के विषय में जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को वैकल्पिक रोजगार एवं व्यवसाय अपनाने के लिए सरकारी एव अर्द्ध सरकारी संस्थाओं की ओर से दी जाने वाली आर्थिक और तकनीकी सहायता के विषय में जागरूक किया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक युवा वैकल्पिक रोजगार और व्यवसाय को अपना कर भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान दे सकें। जिले में अभियान राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सुमित, दानिश, नीतिश, प्रशांत, रोहित, अजय कुमार एवं अक्षय के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। यह 25 फरवरी तक चलेगा और लोगों तक आत्मनिर्भर भारत अभियान की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।