गांव लहचौड़ा का मामला, पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर। लहचौड़ा गांव में उधार दिए गए रुपये मांगने पर कुछ लोगों ने दो भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लहचौड़ा निवासी मदन और राजेश पुत्र हेमराज दोनो सगे भाई है। राजेश के गांव के ही रामे पुत्र कालू पर बीस हजार रुपये उधार थे। बृहस्पतिवार सुबह दोनों भाई रामे के घर रुपये लेने के लिए गए थे। रुपयों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज हो गई। आरोप है कि रामे ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को पिलाना सीएचसी भर्ती कराया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर राहुल, सोनू, अंकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।