संवाद न्यूज एजेंसी,
छपरौली (बागपत)। मानसिक रूप से कमजोर एक युवक ने रविवार रात छपरौली थाने की छत पर बने क्वार्टरों में घुसकर पुलिसकर्मियों पर सोते हुए हमला कर दिया। इसके बाद थाने की छत पर चढ़कर पथराव कर दिया। इसमें एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। युवक को कई घंटे बाद छत से उतारा जा सका। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों को पहले छपरौली सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से दो को गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
सिनौली गांव से डायल 112 को एक संदिग्ध युवक घूमने की जानकारी मिली। इस पर वहां पहुंची डायल 112 टीम उसे छपरौली थाने ले आई। उसे मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण छोड़ दिया गया। इसके बाद युवक कस्बे की गलियों में घूमता रहा। रविवार आधी रात के बाद थाने के क्वार्टरों की छत पर चढ़ गया। वहां एक कमरे में सोए कांस्टेबल अमर राणा व शौकीन पाल को हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद चालक प्रवीण व एसआई देवेंद्र दुबे को भी हमला करके घायल कर दिया। इनका सीएचसी पर उपचार कराया। वहां से अमर राणा व शौकीन पाल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
इस पर पुलिसकर्मी युवक को पकड़ने के लिए जुट गए। इस पर मानसिक रूप से कमजोर युवक थाने की छत पर चढ़ गया। वहां से ईंट फेंकनी शुरू कर दी। इससे आसपास के सैकड़ों लोग थाने के बाहर जमा हो गए। युवक को सोमवार सुबह करीब आठ बजे किसी तरह छत से नीचे उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
छत से कूदा युवक, रैलिंग में अटका
युवक को नीचे उतारने के लिए सोमवार सुबह फायर ब्रिगेड को बुलाया तथा उसे पकड़ने की कोशिश की। इस पर वह नीचे कूद गया। गनीमत रही कि वह रैलिंग में अटक गया। इसके बाद भी उसने कूदने की कोशिश की परंतु पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
वर्जन
मानसिक रूप से कमजोर युवक को पकड़ने में पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। युवक की मानसिक स्थिति देखते हुए उसे अस्पताल भेजा गया है।-युवराज सिंह, सीओ बड़ौत
बागपत जनपद के छपरौली थाने में मानसिक रूप से कमजोर युवक के हमले में घायल एसआई देवेंद्र दूबे। संवा?- फोटो : BAGHPAT
बागपत जनपद के छपरौली थाने की छत पर बैठा मानसिक रूप से कमजोर हमलावर युवक। संवाद- फोटो : BAGHPAT