-पीड़ित ने पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप लगाते थाने में तहरीर दी
फोटो 10 और 10ए
संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। भागोट गांव में रविवार रात घर पर सो रहे परिवार पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इसमें महिला समेत पांच लोग घायल हो गए, जिनका गाजियाबाद के एक अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर नकदी और जेवर लूटने का आरोप भी लगाया।
भागोट गांव के रहने वाले इंद्रजीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात 8-10 नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुसे। इसके बाद घर में सो रहे परिवार के सदस्यों पर धारधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें वेदराम, संतराम, संगीता, मंजू, काजल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। शोर शराब सुनकर वहां पहुंचे परिवार के लोगों ने कई हमलावरों को पहचान लिया। घायलों का गाजियाबाद के एक अस्पताल में उपचार कराया गया। इंद्रजीत ने बताया कि तीन दिसंबर को उसके दो भाईयों की शादी होनी है, जिसके लिए घर में सामान खरीदने के लिए दो लाख रुपये की नकदी और आठ तौले सोने के जेवर रखे हुए थे। उन्होंने हमलावरों पर नकदी और जेवर लूटकर ले जाने का आरोप लगाया। हादसे के बाद सीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसियों के घरों में बाहर से बंद मिले दरवाजे
भागोट गांव में वेदराम के परिवार पर हमला करने वालों ने पहले पड़ोसियों के घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिये थे, क्योंकि शोर शराबा होने पर पड़ोसी बाहर निकल न सकें।