बसी गांव में हत्यारोपी अक्षय के घर पर कुर्की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा करती पुलिस। संवाद
खेकड़ा। बसी गांव में हुए हिमांशु हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी अक्षय फौजी की पुलिस ने कुर्की की तैयारी शुरू कर दी है। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने अक्षय फौजी के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा कराया।
मेरठ जिले के छुर गांव के रहने वाले धीरसिंह के बेटे हिमांशु की 30 दिसंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई और फिर उसका शव पुरा महादेव के पास हिंडन नदी में फेंक दिया गया था। घटना का पता चलने पर पुलिस ने 31 दिसंबर को मृतक हिमांशु के पिता धीर सिंह ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए हिमांशु के मामा, मामी समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हत्याकांड में मुख्य आरोपी अक्षय फौजी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अक्षय फौजी के घर कुर्की नोटिस चस्पा किया है। एक महीने की अवधि में पेश नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई कर दी जाएगी।