बागपत। देश में अचानक कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। संक्रमण को देखकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। प्रशासन ने आशा को कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी है। आशा घर-घर जाकर सूची बनाकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव और टीकाकरण के लिए जागरूक करेंगी।
जनता कर्फ्यू 22 मार्च 2020 को लागू होने के साथ ही कोरोना महामारी की शुरुआत हो गई थी। संक्रमण से बचाव के लिए 25 मार्च को लॉकडाउन लगाया । संक्रमण बढ़ने पर आशा कार्यकत्रियों ने अहम भूमिका निभाई थी। आशा ने घर-घर जाकर लोगों का सर्वे और संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया। अब एक बार फिर संक्रमण के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। सरकार ने लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने व टीकाकरण बढ़ाने की जिम्मेदारी आशा को सौंपी है। टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए आशा, संगनी और एएनएम को लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी दी। टीकाकरण में तेजी लाने के लिए आशा टीकाकरण से वंचित पात्र लाभार्थियों की लिस्ट बनाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगी। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि टीकाकरण में तेजी लाने के लिए आशा घर-घर जाकर लोगों की लिस्ट तैयार करेंगी और वंचित पात्रों को टीकाकरण के लिए जागरूक करेंगी।