संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मौसम के बदलते ही बुखार के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। यहां रविवार को आरोग्य मेलों में बुखार के 79 मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई तो 25 मरीजों की डेंगू व मलेरिया की जांच हुई। चिकित्सकों ने उपचार करने के साथ ही खानपान व दिनचर्या बेहतर रखने की सलाह दी।
जिले में रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां 21 चिकित्सकों और 67 पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवाई दी। पिछले आरोग्य मेले में 1134 मरीज उपचार के लिए पहुंचे थे। इस बार मेले में 1198 मरीजों का उपचार हुआ। बुखार के 79 मरीजों का उपचार हुआ। कई दिन से बुखार होने पर 17 मरीजों की मलेरिया व आठ मरीजों की डेंगू की जांच कराई गई।
मेले में पेट की बीमारी के 50 मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई। लीवर के पांच व सांस रोग के 56, उच्च रक्तचाप के 35 मरीज पहुंचे। त्वचा रोग के 94 व शुगर के 94 मरीज पहुंचे। टीबी के पांच संदिग्ध मरीजों की जांच की गई।