बागपत। शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए छात्रवृत्ति योजना में दिव्यांग छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। पोस्ट मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति के लिए दिव्यांग छात्र-छात्राओं को 30 नवंबर तक आवेदन करना होगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तूलिका शर्मा ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए छात्र-छात्रा का मान्यता प्राप्त बोर्ड, विद्यालय से हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। एक से अधिक पाठ्यक्रम करने वाले छात्रों को किसी एक पाठ्यक्रम में योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। पत्राचार या दूरस्थ शिक्षा में अध्ययनरत छात्र भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए दिव्यांग विद्यार्थियों के अभिभावकों की अधिकतम आय ढाई लाख रुपये वार्षिक निर्धारित की गई है। योजना का लाभ चालीस या इससे अधिक दिव्यांग होने पर ही छात्र-छात्राओं को मिल सकेगा। छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांग छात्र-छात्राओं को अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र व दिव्यांग प्रमाण, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड के साथ 30 नवंबर तक आवेदन करना होगा।