सरकार ने शुरू किया यूपीपी एम किसान मोबाइल एप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सरकार ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के पंजीकृत किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड की योजना शुरू की है। योजना में पंजीकरण को सरल बनाने के लिए शासन स्तर से यूपीपी एम किसान मोबाइल एप लांच किया है। किसान मोबाइल एप से घर से केसीसी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद तहसील कर्मी सात दिन में किसानों का डाटा का सत्यापन कर बैंक को उपलब्ध कराएंगे।
उपकृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि केसीसी के लिए किसानों को बैंकों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अब शासन ने केसीसी के लिए पंजीकरण करने के लिए मोबाइल एप जारी किया है। इस एप के माध्यम से किसान घर बैठकर केसीसी के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद तहसील कर्मी सात दिनों के अंदर किसान के आवेदन का सत्यापन करेंगे। सत्यापन के उपरांत किसान द्वारा रजिस्ट्रेशन के दौरान दर्ज किए गए बैंक को डाटा उपलब्ध कराया जाएगा। बैंक को अपने स्तर से 15 दिन के अंदर केसीसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ऐसे करना होगा केसीसी के लिए आवेदन
केसीसी के लिए आवेदन करने के लिए किसान का पीएम किसान योजना में पंजीकरण होना अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए किसान को एप पर अपनी जमीन का विवरण, बैंक खाता संख्या और खसरे के अनुसार बोई गई फसलों का विवरण भरना होगा। विवरण फीड होने के बाद पासपोर्ट साइज फोटो पोर्टल पर अपलोड करना होगा। फोटो अपलोड होने के बाद मोबाइल पर ओटीपी मिलेगा। ओटीपी दर्ज करते ही किसान का ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण हो जाएगा।