हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी से मिलने जाते रालोद नेता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
रालोद के पदाधिकारियों के नेतृत्व में परिजनों ने एसपी दफ्तर में प्रदर्शन कर सरकारी नलकूप ऑपरेटर शिवकुमार के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
रालोद के पूर्व विधायक चौधरी वीरपाल राठी के नेतृत्व में गांव केहरका के काफी ग्रामीण एसपी कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने कहा 15 जुलाई को ट्यूबवेल ऑपरेटर शिव कुमार त्यागी की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनका शव गढ़ी कलंजरी के खेतों में फेंका था। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद कर शव को कब्जे में लिया था।
इस मामले में अज्ञात में चांदीनगर थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा अभी तक पुलिस केस का खुलासा तो दूर कोई सुराग तक हासिल नहीं कर सकी है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाकर शीघ्र केस के खुलासे की मांग की। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो थाने पर धरना-प्रदर्शन होगा। रालोद जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह, मुकेश, नरेश, महावीर, यश कुमार, मनोज, सुरेश, प्रदीप, कपिल आदि रहे। एसपी डी प्रदीप कुमार ने केस का जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया।