बागपत के बड़ौत में बिजली समस्या को लेकर मंगलवार को छछरपुर गांव के ग्रामीणों ने बिनौली रोड स्थित एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में एक्सईएन द्वितीय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय में तालाबंदी का भी प्रयास किया। दूसरी तरफ अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में रालोद कार्यकर्ताओं ने कोताना रोड पर स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय में हंगामा किया। अधिकारियों के नहीं मिलने पर कार्यकर्ता मायूस लौट गए।
छछरपुर गांव के प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा ग्रामीणों के लिए बनाए 33/11 केवीए बिजलीघर से विभागीय अधिकारियों ने गूंगा खेड़ी, जिमाना, कंडेरा, अचारज खेड़ा, बिजरौल और बावली गांव को जोड़ दिया। इससे बिजलीघर ओवरलोड हो गया। बिना बिजली लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान उनकी विद्युत कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय में तालाबंदी का भी प्रयास किया। एक्सईएन राकेश वार्ष्णेय, जेई विकास ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। हंगामा करने वालों में ओमपाल सिंह, मिंटू, राजवीर, पप्पू, अशोक, कमल किशोर आदि रहे।
उधर, आजादनगर कॉलोनी के लोगों ने भी मकानों की छत के ऊपर से गुजरी 11 हजारी लाइन हटवाने की मांग को लेकर हंगामा किया। इसमें सोनू, रामकुमार, प्रमोद, रोशन, बबलू, नंदकिशोर, ब्रिजेश, अजय आदि शामिल रहे। उधर, रालोद कार्यकर्ताओं ने भी नगर मेें हो रही अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में एक्सईएन प्रथम कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया और तालाबंदी करने का प्रयास किया। अधिकारियों के नहीं मिलने पर कार्यकर्ता मायूस लौट गए। इनमें इंतजार, हाफिज सुबराती, श्रीराम, बिलाल, आबिद, सपन जैन, बबलू, आरिफ, शाकिब, समीर, इमरान, इरफान, सलाउद्दीन आदि रहे।