बागपत विकास भवन में बैठक को संबोधित करते जेई विपिन त्यागी
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में तब्दील करने पर काम जोरों पर चल रहा है। जिसमें अमृत सरोवर शहीदों, खिलाड़िय़ों, पदमश्री व अन्य प्रतिभाओं के नाम पर रखे जाएंगे और किनारे पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। सोमवार को विकास भवन के सभागार में प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लघु सिंचाई के अवर अभियंता विपिन त्यागी ने बताया कि 15 अगस्त से पहले 25 फीसदी तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में तब्दील किया जाएगा। जिसमें किसी भी स्तर से लापरवाही न बरती जाए। जिससे स्वतंत्रता दिवस पर अमृत सरोवर के किनारे ध्वजारोहण किया जा सके। उन्होंने बताया कि कीचड़ वाले नौ तालाबों को अमृत सरोवर की सूची से बाहर रखा जाएगा। उन्होंने मनरेगा योजना से तालाबों की सफाई कराने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान तकनीकी सहायत वीएन शुक्ला, सभी ग्राम पंचायतों के सचिव व ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।