चांदीनगर (बागपत)। इंटरनेट पर रटौल आम को देखकर अमेरिका की एक महिला यहां के बागानों में आम का स्वाद लेने पहुंच गई। जहां उन्होंने रटौल आम खाए। वहीं आम के बागों की सैर की और अगले वर्ष फिर आने का वादा कर चली गई।
फलों का राजा आम आजकल हर घर की पसंद बना हुआ है। स्वाद में रटौल आम की तो बात ही कुछ और है। दिल्ली में रहने वाली अमेरिका की किमला आसिम ने जब इंटरनेट पर आम के बारे में जानकारी की तो उन्हें रटौल के आमों का पता चला। उसके बारे में पढ़ा तो रटौल जाने की ललक पैदा हुई। इंटरनेट पर रटौल की दूरी देखी तो वो भी नजदीक ही थी। दिल्ली से गाड़ी ली और रटौल चली आई। वहां उनकी मुलाकात रटौल के जैद मोहम्मद से हुई। उन्होंने रटौल में आम के बागों में घूमने की ख्वाहिश जताई। बागों की सैर करते हुए यहां के आम का स्वाद भी चखा। इमरान बाबू, नौमान, जुगनू आदि ने उनका स्वागत किया। साथ ही बताया कि आम का आखिरी सीजन चल रहा। यदि वह पहले आते तो 100 किस्म के आम देखने को मिलते। उन्होंने अगले वर्ष आने की बात कही और ग्रामीणों की पृष्ठभूमि को भी देखा।