बागपत मर्डर ::::::: गांव क्यामपुर निवासी अंकित का फाइल फोटो।
- फोटो : BAGHPAT
- मृतक के पिता ने लेनदेन के विवाद में चौहल्दा गांव के युवक पर जताया हत्या का शक
- पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नामजद सहित दो आरोपियों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। क्यामपुर गांव में लेनदेन के विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके शव गांव के बाहर नाले में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता ने लेनदेन के विवाद में चौहल्दा गांव के एक युवक पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने नामजद आरोपी सहित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
क्यामपुर गांव के रहने वाले सीताराम ने बताया कि उसका बेटा अंकित शर्मा शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर से किसी काम के लिए गया था। उसके बाद से वह घर नहीं लौटा। उन्होंने रात में अंकित को तलाश भी किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के बाहर नाले में अंकित का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि अंकित का चौहल्दा गांव के रहने वाले प्रिंस उर्फ छोटे वाल्मीकि के साथ रुपयों के लेनदेन का विवाद चल रहा था। उन्होंने प्रिंस उर्फ छोटे पर ही साथी के साथ मिलकर अंकित की पीट-पीटकर हत्या करने का शक जताया। सीओ बागपत अनुज मिश्रा ने बताया कि अंकित के शरीर पर चोट के कई निशान मिले है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही पिता सीताराम की तहरीर पर पुलिस ने प्रिंस उर्फ छोटे सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नामजद आरोपी सहित दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की जा रही है।
अंकित के खिलाफ दर्ज है दो मुकदमे
सीओ बागपत अनुज मिश्रा ने बताया कि अंकित के खिलाफ जानलेवा हमला करने और दिल्ली में लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज है। इसमें वह जमानत पर बाहर चल रहा था। बताया कि शादी के बाद शुरू हुए विवाद के चलते पत्नी भी मायके जाकर रहने लगी थी।