कचहरी में साउथ अफ्रीका के युवक से पूछताछ करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। भूरा फरारी केस का आरोपी प्रवेश मान पैरवी के लिए कचहरी पहुंचा तो उसके साथ कांगो ( अफ्रीका) निवासी युवक कचहरी परिसर में घूमता रहा। संदेह होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसकी तलाशी भी ली। अफ्रीकी युवक के पास कोई आपत्तिजनक चीजें नहीं मिली।
प्रवेश मान ने उसे अपना दोस्त बताया। इससे जाहिर है गैंग के सदस्यों का दोस्ताना अफ्रीका तक भी है। नीरज बवाना का मामा और पूर्व विधायक रामवीर शौकीन भी फरारी के दिनों में विदेश में रहा था।
देहरादून पुलिस की कस्टडी से 15 दिसंबर 2014 को मुजफ्फरनगर के सरनावली निवासी गैंगेस्टर अमित उर्फ भूरा को दो एके-47 और एक कार्बाइन लूटकर छुड़ाया था। भूरा को छुड़ाने में दिल्ली का प्रवेश मान भी शामिल रहा था। मामले का ट्रायल अदालत में चल रहा है। बृहस्पतिवार को प्रवेश मान निवासी खेड़ा और प्रमोद निवासी अलीपुर (दिल्ली) अपने अफ्रीकी दोस्त टीमोटी के साथ कचहरी पहुंचे। प्रवेश मान अपने अधिवक्ता के पास चला गया। कचहरी में विदेशी नागरिक को खड़ा देखकर आसपास भीड़ जमा होने लगी। पुलिस और खुफिया विभाग को भनक लगी।
इसी दौरान कचहरी पुलिस चौकी के इंचार्ज ब्रजपाल सिंह ने विदेशी युवक की चेकिंग की। उसके पास से कोई आपत्तिजनक चीजें नहीं मिली। अफ्रीकी युवक टीमोटी से पुलिस जैसे ही जानकारी करने लगी लो उसने विरोध किया। यही नहीं वहां पर उसके साथी पहुंचे। उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस के मुताबिक टीमोटी के खिलाफ दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। इस केस में टीमोटी तिहाड़ जेल में बंद था। तीन दिन पहले ही जमानत पर छूटा है।
इस बीच प्रवेश मान ने पुलिस को बताया अफ्रीकी युवक उसका दोस्त है। गलती से वह पुरुष के बजाए महिला शौचालय में घुस गया था। चौकी इंचार्ज ने कहा प्रवेश के साथ अफ्रीकी युवक आया था। उसके पास ऑल इंडिया का वीजा है।