बागपत/बड़ौत। पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के आह्वान पर बुधवार को हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्येंद्र खोखर व महामंत्री महेंद्र बंसल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद रजिस्ट्री/निबंधन कार्यालय पर भी ताला जड़ा और इसके बाद धरना दिया। उन्होंने धरनास्थल पहुंचे तहसीलदार को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
समिति के आह्वान पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। उन्होंने रजिस्ट्रार, कर्मचारियों और बैनामा कराने आए पक्षकारों को कार्यालय से बाहर निकालकर मुख्य द्वार की तालाबंदी करकि धरना दिया। उन्होंने प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला बार अध्यक्ष सत्येंद्र खोखर ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से अधिवक्ता हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। जिला बार महामंत्री महेंद्र सिंह बंसल ने कहा कि अब जनता और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
जिला बार के पूर्व अध्यक्ष जयवीर सिंह तोमर ने कहा कि हाईकोर्ट बेंच की मांग न मानने पर सरकार को आने वाले चुनाव में खमियाजा भुगतना पडे़गा। अधिवक्ता देवेंद्र आर्य, पूर्व महामंत्री आजाद धामा, तहसील रेवन्यू बार अध्यक्ष गजेंद्र सिंह बली, संजय पंवार, सतीश प्रधान, राशिद तस्लीम, महेश तोमर, मनीष विश्वकर्मा, अर्जुन गिरी, प्रदीप नंदा, महेश रंगा, प्रशांत चौधरी, अमित, अंकुर स्वामी, अनिल प्रधान, मोहसिन कुरैशी, बृजेश, सागर तोमर, बाबर पठान, अय्यूब अली, राहुल ढाका, पुनीत गुप्ता, अचिन गर्ग मौजूद रहे।
उधर, बड़ौत में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्दपाल तोमर के नेतृत्व में काफी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्रित हुए और विरोध-जलूस निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी भी की। वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं पर हमले आम बात हो गई है। अब इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने, हाईकोर्ट बेंच की स्थापना करने व बढ़ाई गई कोर्ट फीस को वापस लेने की भी मांग उठाई। इस अवसर पर आनंदपाल तोमर, धर्मवीर तोमर, सत्यपाल पंवार, रोहित तोमर, दिनेश तेामर, राममेहर, सत्यपाल सिंह मान, रामकुमार तोमर, ब्रह्मपाल, वीरेंद्र चौहान, अमित वशिष्ठ शामिल रहे।