बागपत, बड़ौत। अब बस संचालन में लापरवाही बरतने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। बड़ौत डिपो के नवनियुक्त एआरएम ने कार्यभार संभालते ही इस संबंध में चालकाें को हिदायत दी है। कहा कि नियमित बसों के संचालन न होने पर यात्रियों को अपने गतंव्य तक पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
गत 18 नवंबर 2022 को परिवहन विभाग के एमडी ने बड़ौत डिपो के एआरएम विपिन कुमार अग्रवाल व टीआई सुनील कुमार को एक परिचालक से 20 हजार रुपये की वसूली मांगने के मामले में निलंबित कर दिया था। उनके बाद एआरएम रामदास को बड़ौत डिपो की कमान साैंपी गई थी, लेकिन 30 दिसंबर 2023 को राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा न होने पर उन्हें भी प्रबंध निदेशक निगम के प्रबंधक मासूम अली सरवर ने निलंबित कर दिया था। कई दिन तक बड़ौत डिपो पर एआरएम का पद खाली पड़ा रहा।
उनके बाद मेरठ में बस चेकिंग प्रभारी ममता अग्रवाल को कार्यवाहक के रूप में एआरएम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ऐसे में नियमित एआरएम न होने की वजह से बसों का संचालन बिगड़ गया था। अब मुजफ्फरनगर में तैनात रहे एआरएम भुनेश्वर सिंह को बड़ौत डिपो का नया एआरएम नियुक्त किया गया है। कार्यभार संभालते ही एआरएम ने सभी चालकों को हिदायत दी है कि बस संचालन में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।