अमीनगर सराय। पूठड़ गांव में स्वयं सहायता समूह की तरफ से सामुदायिक शौचालय पर तैनात महिला सफाईकर्मी पर स्कूल की सफाई का दबाव बनाया जा रहा है। महिला सफाईकर्मी ने एडीओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पूठड़ गांव में स्वयं सहायता समूह की सदस्य सीमा ने बताया कि उसकी ड्यूटी गांव के सामुदायिक शौचालय पर लगाई है। आरोप है कि ग्राम प्रधान उस पर सरकारी विद्यालय व शौचालयों की सफाई करने का दबाव बनाता है और मेहनताना नहीं देता है। महिला सफाईकर्मी ने एडीओ पंचायत से समस्या का समाधान कराने की मांग की है। वहीं, एडीओ पंचायत भूपेंद्र सिंह का कहना है कि विद्यालय की सफाई की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत पर होती है। इसके लिए समूह की महिला पर दबाव नहीं बनाया जा सकता है। उधर, ग्राम प्रधान कृष्ण का कहना है कि महिला पर विद्यालय की सफाई का दबाव नहीं बनाया गया है। सभी आरोप निराधार हैं। संवाद
सड़क हादसे में दो युवक घायल
रमाला। ग्राम असारा निवासी सलीम बड़ौत से बाइक पर शामली और संजय निवासी ललौन शामली से बड़ौत की ओर जा रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सहकारी चीनी मिल रमाला के समीप दोनों बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद