पिलाना-बंथला मार्ग पर रोशनगढ़ गांव के मोड़ के पास मंगलवार की रात में छोटा हाथी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इसमें चालक प्रमोद कुमार की मौत हो गई। इससे वहां हड़कंप मच गया।
मेरठ के मुल्तान नगर (मूल निवासी हापुड़) के रहने वाले प्रमोद कुमार (36) छोटा हाथी चलाता था। सूत्रों के अनुसार मंगलवार की रात में करीब 11 बजे प्रमोद कुमार रटौल गांव में सामान उतारकर वापस मेरठ जा रहा था। जैसे ही प्रमोद पिलाना-बंथला मार्ग पर रोशनगढ़ गांव के मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में उसका संतुलन बिगड़ गया और छोटा हाथी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
वहां पर खड़े पेड़ में छोटा हाथी फंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों की उस पर नजर पड़ी। उन्होंने सिंघावली अहीर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहां पर तब तक काफी लोग इकट्ठे हो गए थे। पुलिस और लोगों ने छोटे हाथी से चालक प्रमोद कुमार को निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शनाख्त कराने के प्रयास किए। पास मिले कागजों से उसके नाम और पते की जानकारी हुई। उनके आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
इसके अलावा छपरौली कस्बा निवासी महिला आसमा बुधवार को कस्बे में सड़क पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर घायल हो गई। छपरौली अस्पताल से उसे जिला अस्पताल भेजा। वहां के चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर किया।
बाइकों की टक्कर, दो घायल
खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर मार्ग पर सुबह के समय दो बाइकों की टक्कर हो गई। इसमें जनपद गाजियाबाद के ग्राम रजपुरा गढ़ी निवासी दो बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने सीएचसी में भर्ती कराया। जनपद गाजियाबाद के ग्राम रजपुरा गढ़ी निवासी मोनू और निशांत बुधवार की सुबह करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर वाया पूर्वी यमन नहर खेकड़ा अपनी रिश्तेदारी में आ रहे थे।
जब वह ग्राम मुबारिकपुर के तिराहे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित बाइक के साथ उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ ही उस पर सवार मोनू और निशांत गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार बाइक समेत भाग गया। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में मोनू को दिल्ली में भर्ती कराया।
ट्रक ने रिक्शा चालक को कुलचा, मौत
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग पर टयौढी गांव के पास पावर कारपोरेशन के बिजलीघर के पास ई- रिक्शा और ईट से भरे ट्रक की टक्कर हो गई। इससे ई - रिक्शा चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि पावर ग्रिड के दो कर्मचारी गंभीर घायल हो गए। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक मिंटू (25) वर्ष पुत्र तेजपाल बड़ौली गांव का रहने वाला है।
हाल में वह विजयनगर बड़ौत में मकान बनाकर रहता है। वह ई-रिक्शा चालक चलाता है, जबकि घायलों में इब्राहीम पुत्र खादरवली और नवीन पुत्र रामनयी वेस्ट गोदावरी, आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। दोनों टयौढ़ी गांव स्थित पावर ग्रिड कारपोरेशन में काम करते हैं। बुधवार की शाम ई-रिक्शा चालक मिंटू पावर ग्रिड के कर्मचारी इब्राहीम और नवीन को रिक्शा से बड़ौत लेकर आ रहा था।
जब वह बिजलीघर से आगे निकला तो बड़ौत से दिल्ली जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा चालक मिंटू की मौके पर मौत हो गई, जबकि वे दोनों घायल हो गए। दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया । ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना पर सीओ सीपी सिंह और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक मिंटू की पत्नी रेखा बहरी है और दिव्यांग है।
हादसे की सूचना मिलते ही मिंटू के पिता तेजपाल बेहोश होकर गिर गए और भाई धर्मेंद्र का रोते - रोते बुरा हाल है। मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। दुघर्टना की रिपोर्ट ई-रिक्शा चालक के भाई धर्मेंद्र ने ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कराई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर्, परिजनों ने रात में ही पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर हाईवे पर शव रख जाम लगा दिया। करीब एक घंटा जाम रहा। सीओ सीपी सिंह ने रात में ही पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया, तब परिजनों ने जाम खोला।