छपरौली। कस्बे के बाजार में शिव फास्ट फूड की दुकान पर चाउमीन खा रहे हर्ष पर एक युवक ने तमंचे से गोली चला दी। उंगली में गोली लगने से हर्ष घायल हो गया, जबकि कई ग्राहक बाल बाल बच गए। इससे वहां भगदड़ मच गई और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी। छपरौली कस्बा निवासी जीतू ने बताया कि उसकी बाजार में शिव फास्ट फूड की दुकान है। दुकान पर कस्बे का ही हर्ष समेत अन्य ग्राहक बैठकर चाउमीन खा रहे थे। तभी कस्बे का ही एक युवक तमंचा लेकर आया और ग्राहकों के साथ गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान युवक ने गोली चला दी, जो चाउमीन खा रहे हर्ष के हाथ की उंगली में लग गई। जबकि अन्य ग्राहक बाल बाल बच गए। इसके बाद आरोपी तमंचा वहां से भाग गया।
भीड़ ने उसके पकड़ने का प्रयास किया तो उसने गोली मारने की धमकी दी। इससे लोग डर गए और हमलावर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने दुकान पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। इस मामले में जांच अधिकारी आशीष पुंडीर का कहना है कि घटना की शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।