दाहा। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दाहा गांव में गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक में तार उलझने से बिजली के तीन खंभे टूटकर गिर गए। खंभे के नीचे दबने से गाड़िया लुहार महिला आशा (27) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला रुपो और किसान कृष्णपाल भी घायल हो गए। दोनों घायलों का पुलिस ने अस्पताल में उपचार कराया।
मेरठ जिले के प्रतापगढ़ निवासी गाड़िया लुहार राजकुमार ने बताया कि दाहा गांव के खाली प्लाट में पिछले कई महीने से डेरा डालकर रह रहे हैं। सोमवार को उसकी पत्नी आशा और पड़ोस की रुपो सामुदायिक शौचालय से निकलकर वापस आ रही थी, तभी बड़ौत की तरफ से आए गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक में बिजली की लाइन के तार उलझ गए।
ट्रक की गति तेज होने के कारण तीन खंभे टूटकर गिए गए और शौचालय के पास का खंभा उसकी पत्नी आशा के ऊपर गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही उसके साथ गई रुपो घायल हो गई। इसके अलावा दाहा गांव का बाइक सवार किसान कृष्णपाल उर्फ डब्बू भी घायल हो गया। आसपास खड़े चार पांच लोगों ने वहां से भागकर जान बचाई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। मृतका के परिवार में एक बेटी और एक बेटा है। उधर, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।