रमाला। कासिमपुर खेड़ी गांव में मंंगलवार दोपहर गन्ने की ट्रैक्टर-ट्राॅली ने साइकिल चला रहे कक्षा एक के छात्र शौर्य (7) को कुचल दिया। घायल शौर्य की दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
कासिमपुर खेड़ी गांव निवासी अंकुश ने बताया कि उसका बड़ा बेटा शौर्य वनस्थली पब्लिक स्कूल बड़ौत में कक्षा एक का छात्र था, जो छुट्टी होने के कारण मंगलवार को घर के बाहर साइकिल चला रहा था। तभी रमाला चीनी मिल जा रहे किसान के गन्ने का ट्रैक्टर-ट्रॉली से शौर्य की साइकिल टकरा गई। इससे शौर्य सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रैक्टर के टायर शौर्य के ऊपर से उतर गया। हादसे के बाद वहां आए परिवार वाले और ट्रैक्टर चालक किसान घायल शौर्य को उठाकर दिल्ली के निजी अस्पताल में ले गए। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार देर शाम परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराए बिना ही छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया। शौर्य तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। इस मामले में जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।