संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव के जंगल में शनिवार को गन्ना छील रही एक महिला को काले सांप ने डस लिया। सांप के डंसने से महिला की हालत गंभीर हो गई, जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
महिला की पहचान रीना देवी के रूप में हुई है, जो नौरोजपुर गुर्जर गांव की निवासी हैं। उनके पति संतरपाल ने बताया कि शनिवार को रीना परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में गन्ना छील रही थीं। इसी दौरान एक काले रंग के सांप ने उनके पैर में डस लिया। सांप के डंसते ही रीना देवी दर्द से चिल्ला उठीं। उनकी आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। रीना देवी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने में कुछ समय लगा, जिससे उनकी स्थिति और बिगड़ गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने रीना देवी को बचाने के लिए एंटी स्नेक वेनम की 10 वैक्सीन लगाईं। हालांकि, उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और वह गंभीर बनी रहीं।